जीआईसी कर्णकरायत के मैदान में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल अंतरराज्यीय वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में सागर क्लब नेपाल ने 36वीं वाहिनी आईटीबीपी को 25-14, 25-17 और 25-14 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
नेपाल की टीम के कप्तान सागर भंडारी एवं आईटीबीपी के वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने तालियां बजाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मेजबान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कैलाश फर्त्याल के संचालन में हुए कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश करायत, त्रिभुवन उपाध्याय, उत्तम फर्त्याल, नरेश फर्त्याल, संजय मुरारी, श्याम ढेक, देवेंद्र बोहरा, दिनेश मुरारी ने सभी का स्वागत किया।
निर्णायक प्रदीप ढेक, जितेंद्र राय और आंखों देखा हाल नरेश ने सुनाया। उद्घाटन मौके पर कैप्टन कालू सिंह करायत, डा.महेश ढेक, नवीन बोहरा, हरीश मिश्रा, जीत सिंह आदि मौजूद थे। विजेता टीम को ट्राफी के साथ 15 हजार और उप विजेता को ट्राफी के अलावा 10 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसमें नेपाल, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, बरेली, आजमगढ़, कुरुक्षेत्र, रुड़की, करनाल आदि की टीमें हिस्सा ले रही है। आयोजन समिति ने अतिथि टीमों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की है।