नवागत पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के अलावा अपराधियों पर नकेल कसना उनका पहला लक्ष्य होगा। नेपाल सीमा की सुरक्षा के लिए एसएसबी के साथ समन्वय बनाकर पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे।
वैध और अवैध रास्तों पर पैनी निगाह रखी जाएगी। तस्करी, माओवादी और आतंकी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सीमा पर किसी भी तरह से मानव तस्करी नहीं हो सके इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। नवागत एसपी ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इस तरह का माहौल बनाया जाएगा कि आम लोग बेफ्रिक हो मतदान कर सके।
जिले के सभी प्रमुख नगरों की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। इसके लिए व्यापारियों, टैक्सी चालकों और स्वामियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास जीतने के लिए सीधा संवाद कायम किया जाएगा। 2013 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी राजगुरु हरिद्वार में सीओ सदर के पद से यहां स्थानांतरित हुए। चंपावत के एसपी नवनीत भुल्लर को यहां से हरिद्वार भेजा गया है।