दिल्ली में आईएसआईएस के एक आतंकी की गिरफ्तारी और उसके दो साथियों के फरार होने के बाद पुलिस के साथ ही भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली में आईएसआईएस के आतंकी अबू युसूफ को आईईडी और हथियारों के साथ गिरफ्तार कर दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम हुई है, लेकिन पकड़े गए आतंकी के दो साथी फरार बताए गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
फरार आतंकियों की धर-पकड़ को पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को नेपाल सीमा पर भी कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इधर उत्तराखंड में भी नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को भी फरार आतंकियों को लेकर अलर्ट कर दिया गया है।
सीओ विपिन चंद्र पंत ने बताया कि दिल्ली के आतंकी पकड़े जाने और उसके दो साथियों के फरार होने का पता चलते ही एसपी लोकेश्वर के निर्देश पर नेपाल सीमा में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया गया है।
पुलिस को भी संदिग्धों पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि कोविड-19 के चलते भारत-नेपाल सीमा सील है, लेकिन खुली सीमा होने के कारण सुरक्षा तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है।