मंगलवार को चंपावत तहसील कार्यालय में मारे गए छापे में तहसीलदार गैर हाजिर पाए गए। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी के औचक मुआयने में अनुपस्थिति तहसीलदार सदर एके सिंह से स्पष्टीकरण लेने के आदेश जारी किए गए। एसडीएम सदर के कुछ देर से आफिस पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए सुबह दस से बारह बजे तक जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय में संजय जोशी, दीपा पांडेय, मुन्नी देवी, जीवंती देवी, रेखा चौधरी अनुपस्थित मिली। इन सभी के एक दिन के वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट की प्रभारी अधिकारी सीमा विश्वकर्मा ने कलक्ट्रेट में छापेमारी की। यहां सभी कार्मिक उपस्थित मिले। शिक्षा विभाग में छापेमारी के दौरान जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) दिलेर सिंह राजपूत, समाज कल्याण विभाग के ड्राइवर राजेंद्र सिंह, सहकारिता में सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) भगवान सिंह गैर हाजिर मिले। इन सभी से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
विकासखंड कार्यालय में सहायक परियोजना निदेशक केएन तिवारी द्वारा मारी गई छापेमारी के दौरान निलंबित एडीओ नंदराम अनुपस्थित मिले। मुख्य विकास अधिकारी एचजी भट्ट द्वारा विकास भवन में मारे गए छापे में सभी कर्मी मौजूद मिले।