मां पूर्णागिरि धाम के मेले की तैयारी बैठक में चर्चा करते एसपी धीरेंद्र गुंज्याल और अन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में 23 मार्च से शुरू होने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले में इस बार सुरक्षा कार्य में एनसीसी कैडेट और स्काउट गाइडों की तैनाती की जाएगी। यह निर्णय शनिवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
इस वर्ष लोक सभा चुनाव और मेला लगभग एक साथ ही चलने के कारण शांति-सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस फोर्स की खासी परेशानी रहेगी जिसे देखते हुए स्काउट गाइड और एनसीसी कैडेट को तैनात किया जाएगा। इनके मानदेय का भुगतान मेला कोष से किया जाएगा। साथ ही प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि पूरे मेला क्षेत्र में ध्वनि यंत्रों और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्य पर्वों पर आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पर डिवाइस और सीसीटीवी लगाए जाएंगे। तय किया गया कि ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक पथ प्रकाश की स्थायी व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से विद्युत और उरेडा विभाग आगणन देंगे। जिस विभाग का आगणन कम होगा उसी विभाग को पथ प्रकाश की जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में एसपी डीएस गुंज्याल, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, एआरटीओ रश्मि भट्ट, मेला अधिकारी भगवत पाटनी, सीएमओ आरपी खंडूरी, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, मेला कमेटी अध्यक्ष भुवन पांडेय, रेंजर आनंद बल्लभ पाटनी, विजय उप्रेती, होशियार सिंह, नीरज जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।