टनकपुर (चंपावत)। पशुपालन विभाग ने नायकगोठ में पशु प्रदर्शनी आयोजित की जिसमें उन्नत पशुपालकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य किरन देवी ने किया। उन्होंने कहा कि पशु पालन रोजगार का बेहतर माध्यम है। बाजार में बढ़ती मांग से रोजगार का यह माध्यम दिनों दिन मजबूत हो रहा है। इसे अपनाकर अपनी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाई जा सकती है।
प्रदर्शनी में नायकगोठ की मंजू की गाय चैंपियन घोषित हुई। इसके अलावा देशी नस्ल में मीना जोशी की गाय और सुमित कुमार की बछिया को प्रथम पुरस्कार मिला। शंकर नस्ल में बोरागोठ की मंजू मिश्रा की गाय प्रथम, नायकगोठ की रेेनू देवी की गाय ने द्वितीय व पार्वती देवी की गाय ने तृतीय पुरस्कार जीता। अन्य पशुओं में नायकगोठ के इंद्र सिंह चौहान की बकरी, मुकेश सिंह का बैल और कैलाश राम की बकरी क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहे।
निर्णायक मंडल में उप जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नंदन प्रसाद आगरी, पशुधन अधिकारी डॉ. अमित कुमार, डॉ. प्रीति बिष्ट और डॉ. जगत पाल शामिल थे। चयनित पशु पालकों को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पीएस भंडारी, ग्राम प्रधान भवानी देवी, सीएम के विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, जति चंद, नवल कर्नाटक, नाहिद हासन, रवि कुमार, अनिल कुमार, सचिन चमोलिया आदि मौजूद थे।