सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। वहीं चल्थी के समीप मलबा आने से नेशनल हाइवे में दो घंटों तक यातायात बाधित रहा। जिस कारण एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बाद में जेसीबी से मलबे को हटाकर यातायात सामान्य किया गया। एनएच डिवीजन के श्रमिकों को लगातार हो रही बारिश के कारण मलबा हटाने के कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को विद्यालयों और कार्यालयों में उपस्थिति भी कम रही। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए एलर्ट के बाद नेशनल हाइवे सहित विभिन्न आंतरिक मोटर मार्गों में संवेदनशील स्थानों में जेसीबी तैनात की गई हैं।
24 घंटे में रिकार्ड की गई 47 एमएम बारिश
चंपावत। जिला आपदा नियंत्रण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार 24 घंटे में चंपावत में 47.80 एमएम, लोहाघाट में 3.50 एमएम तथा बनबसा में 44 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। इसके अलावा शारदा बैराज का डिस्चार्ज 51572 क्यूसेक और लेबल 219.20 मीटर दर्ज किया गया।