नगर के खाली पड़े एटीएम लोगों के लिए सिर दर्द बनते जा रहे हैं। जिस कारण लोगों का बैंकों और प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सबसे अधिक दिक्कत शादी विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्य करने वालों को हो रही हैं। बैंकों एवं एटीएम से पर्याप्त पैसा न मिलने से वह खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं।
सोमवार को दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों को एटीएम खाली होने व बैंकों में पर्याप्त मात्रा में पैसा न होने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ा। पंचेश्वर क्षेत्र से पहुंचे माधो सिंह, रमेश भट्ट, पार्वती देवी, पूरन सिंह, मनोहर राम, रोहित कुमार आदि का कहना था कि पिछले कई दिनों से एटीएम खाली होने से परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
उन्होंने प्रशासन व बैंकों के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र एटीएम में पैसा डालने की मांग की। इधर एसबीआई प्रबंधक डमर सिंह पतियाल का कहना है कि रिर्जव बैंक की ओर से ही पैसा नहीं आ रहा है। जिस कारण एटीएम में पैसा डालना संभव नहीं हो पा रहा है। जिसकी सबसे ज्यादा मार एसबीआई पर पड़ रही है। बैंक अपने ग्राहकों के साथ अन्य बैंकों के ग्राहकों की भी पूर्ति कर रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को बैंक में जमा हुए पैसे को ही लोगों को बांटा गया। बैंक अपने ग्राहकों की समस्याओं को प्राथमिकता से ले रहा है।