नगर पालिका बोर्ड ने आगामी मां पूर्णागिरि मेले में बाल मुंडन का शुल्क 101 से बढ़ाकर 121 रुपये करने का फैसला लिया है। पूरे शहर को मेला क्षेत्र घोषित करते हुए उसी स्तर पर यात्रियों को व्यवस्थाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय की अध्यक्षता और ईओ शेखर चंद्र जोशी के संचालन में हुई बोर्ड की बैठक में पूर्णागिरि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर तमाम फैसले लिए गए हैं। तय हुआ है कि मेले का संचालन गत वर्ष की भांति पुरानी पानी की टंकी से किया जाएगा। इसके अलावा मेला क्षेत्र की दुकानों को ठेके पर दिए जाने, मेले की व्यवस्थाओं के ठेके की नीलामी में ठेकेदार से दो प्रतिशत स्टांप शुल्क लिए जाने, रिक्शा लाइसेंस बनाने का कार्य ठेके में दिए जाने, शहर के होटलों के लाइसेंस शुल्क का निर्धारण करते हुए पांच कमरों के होटलों का वार्षिक लाइसेंस पांच सौ रुपये और दस कमरों वाले होटलों का वार्षिक लाइसेंस शुल्क एक हजार रुपये तय किया गया है।
बोर्ड ने शहर में नेहरू पार्क के पास, शुभम मेडिकल, लोनिवि बाउंड्री के बीच, शराब भट्टी, श्याम भवन के बीच और मस्जिद के नीचे अस्थायी शौचालय बनाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में सभासद जया देवी, हसीब अहमद, राजेंद्र रजवार, शोभा देवी, मुकेश साहू, सौरभ अग्रवाल, मनोनीत सदस्य अनिल चौधरी, फैसल सिद्दीकी, खालिद अंजुम, समाजसेवी धर्मानंद पांडेय, पालिका की राजस्व निरीक्षक प्रियंका रैक्वाल, लिपिक बसंतराज चंद, विनोद बिष्ट आदि मौजूद थे।