बीडीसी सदस्य का चुनाव जीतने वाले मुकुल किरन
- फोटो : अमर उजाला
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए मतदान और मतगणना की नौबत नहीं आने वाली है। दरअसल त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उप चुनाव की प्रक्रिया के दौरान बृहस्पतिवार को नाम वापस लेने की अंतिम समय सीमा बीतने पर मुड़ियानी में बीडीसी सदस्य सहित दो ग्राम पंचायतों में वार्ड सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। जबकि तीन अन्य पांच ग्राम पंचायतों में वार्ड सदस्यों के रिक्त पदों के लिए किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं कराया।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी सुरेश बैनी ने बताया कि मुड़ियानी में बीडीसी सदस्य के लिए तीन नामांकन दाखिल किए गए थे। लेकिन नाम वापसी की तिथि में राजेंद्र कुमार और मीना देवी की ओर से नामांकन वापस लिए जाने से मुकुल किरन निर्विरोध चुने गए। इसी प्रकार पाटी ब्लाक के गहतोड़ा में वार्ड संख्या पांच के लिए रुकमणी देवी और खरही ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या एक में कृष्णानंद भी निर्विरोध चुने गए। जबकि लोहाघाट ब्लाक की दो और चंपावत की एक ग्राम पंचायत में वार्ड सदस्यों के खाली पदों में कोई नामांकन नहीं हुआ।
मुकुल किरन के चुनाव पर उड़ा रंग अबीर
चंपावत। मुड़ियानी बीडीसी सदस्य पद पर मुकुल किरन की ताजपोशी होने पर भाजपाइयों ने जमकर रंग अबीर उड़ाया। ब्लाक प्रमुख पुष्पा सकारी, सांसद प्रतिनिधि नरेश सकारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला मंत्री सुरेश जोशी, नंदाबल्लभ कापड़ी, सरपंच राजेंद्र भंडारी, दिलीप राम, ललित राम, मंडल उपाध्यक्ष जगत सिंह, सभासद दीपक तड़ागी आदि ने एक दूसरे को रंग अबीर लगाकर खुशी जताई।