चंपावत। जिला अस्पताल में लोगों को एमआरआई की सुविधा भी मिलेगी। आईसीआईसीआई फाउंडेशन की ओर से सीएसआर मद से एमआरआई मशीन की स्थापना की जा रही है।
चंपावत में एमआरआई सुविधा शुरू होने से बड़ी आबादी को लाभ होगा। एमआरआई के माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, जोड़ों, पेट और पेल्विस जैसे शरीर के अंगों की विस्तृत जांच होती है। ट्यूमर, चोट, स्ट्रोक, और अन्य स्थितियों का पता लगाना और उनकी निगरानी करना और आसान होता है। वर्तमान में एमआरआई की सुविधा के लिए लोग खटीमा, हल्द्वानी जाते हैं। डीएम मनीष कुमार ने बताया सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा।
इधर, डीएम ने अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया परियोजना के तहत 50 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट में चार आइसोलेशन वार्ड, दो आईसीयू वार्ड, दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, एक एमआरआई कक्ष, एक एक्स-रे कक्ष सहित अन्य उन्नत चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विशेषज्ञों की निगरानी में इंस्टॉलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न हो।