सांसद आदर्श ग्राम रौलमेल में जल्द ही बेहतर सुविधाओं की भरमार होगी। प्रमुख सचिव मनीषा पंवार की वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य विकास अधिकारी श्याम सुंदर पांगती ने बताया कि रौलमेल को सिंचाई, बिजली, पेयजल आदि से जोड़ने के लिए काम तेजी से चल रहा है।
पेयजल से वंचित परिवारों के लिए पानी की लाइन निर्माण में 4.62 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग में शौचालय सहित तमाम योजनाओं राशनकार्ड, सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना, पेंशन और अन्य कार्यों को करने की हिदायत सचिव ने अफसरों को दी।
बताया गया कि सिंचाई लिफ्ट परियोजना के लिए 38 लाख और प्राइमरी स्कूल के निर्माण के लिए रकम प्रस्तावित की गई है। मत्स्य के अलावा पालीहाउस के लिए सब्जी, फल प्रजाति के पौध बांटे गए हैं। वन विभाग ने विभिन्न प्रजाति के 760 पौधों के सापेक्ष 380 वितरित कर दिए हैं। गंगा ग्राम योजना में 6 लाभार्थियों का चयन किया गया है। सांसद आदर्श ग्राम में रहने वाले 197 परिवारों के 769 लोगों को सभी जरूरी विकास योजनाओं से जोड़ा जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग में डीडीओ विवेक उपाध्याय, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जल संस्थान के एई प्रेमजी श्रीवास्तव आदि थे।