उत्तर भारत के प्रमुख मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं के फोन घनघना उठेंगे। साथ ही नई बिजली लाइन के बिछने से रात दिन रोशन रहेगा। इससे खासतौर पर चैत्र नवरात में लाखों श्रद्धालुओं को रात-दिन मां के दर्शन के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी। बीएसएनएल की ओर से क्षेत्र में पांच-छह किमी के दायरे में मोबाइल कनेक्टीविटी के लिए टावर लगा दिया है। सप्ताह भर में सुविधा शुरू हो जाएगी।
मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा होने के कारण अब तक मात्र टनकपुर से ठूलीगाड़ तक कुछ स्थानों पर ही निजी और बीएसएनएल की कनेक्टिविटी से उत्तर भारत के दूर दूर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दिक्कत आ रही है। वर्तमान में मां के दरबार में वर्ष भर कुछ न कुछ तादात में श्रद्धालुओं के शीश नवाने के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें खास त्यौहार में एकाएक अधिक तादात से व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। जिला पंचायत और प्रशासन सिर्फ चैत्र नवरात्र के दौरान तीन माह तक ही विभिन्न व्यवस्थाएं करते हैं। शेष समय मंदिर कमेटी अपने स्तर से सफाई समेत अन्य सुविधाएं कराती हैं। पिछले कुछ वर्षों से ट्रस्ट की पहल भी लंबित है। इससे विभिन्न सुविधाओं की दरकार बनी हुई है। इनमें आधुनिक संचार सेवा में प्रमुख मोबाइल कनेक्टिविटी न होने से यात्री परेशान रहते हैं।
इधर, ताजा पहल भैरव मंदिर के पास सेला में बीएसएनएल वर्ष 2014 में मोबाइल टॉवर के लिए आगे आया। निगम के सहायक तकनीकी अधिकारी जेई दीपक पासवान के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सीमा के चलते पांच से छह किमी के दायरे मेें कनेक्टिविटी के लिए टॉवर का कार्य पूरा हो गया है। वर्तमान में वहां तक निर्बाध बिजली के लिए नई लाइन बिछाई जा रही है। तब तक जनरेटर लगा दिया गया है। सप्ताह भर के अंदर मोबाइल फोन घन घना उठेंगे। इससे लाखों श्रद्धालुओं को अपने प्रियजनों से बातचीत व यात्रा में आगे-पीछे होने पर संपर्क हो सकेगा। दूसरी ओर मंदिर कमेटी व पूर्णागिरि व्यापार मंडल मोबाइल सेवा व बेहतर बिजली सेवा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद से उत्साहित है।
अब तक श्रद्धालुओं को मोबाइल सुविधा के साथ बेहतर बिजली व्यवस्था से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल टावर और नई बिजली लाइन बिछने से बेहतर सुविधा मिल पाएगी। वर्ष भर मेला क्षेत्र में रहने वाले लोगों व व्यापारियों को लाभ होगा। श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। इसके लिए कुमाऊं आयुक्त की ओर से बेहतर पहल सराहनीय है- भुवन चंद्र पांडे, व्यापार मंडल अध्यक्ष पूर्णागिरि क्षेत्र
बिजली और मोबाइल कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्र के लोग संचार क्रांति से जुड़ पाएंगे। इसका असर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के रूप में सामने आएगा। रोपवे का कार्य भी प्रगति पर है।
- किशन तिवारी, अध्यक्ष मां पूर्णागिरि मंदिर कमेटी।