मां श्री पूर्णागिरि धाम मंदिर समिति का चुनाव रविवार को होगा। चुनाव कमेटी ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा। अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशियों में सीधी टक्कर है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होगा। समिति के 362 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इधर शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस से फोर्स मांगा गया है।
मां श्री पूर्णागिरि धाम की व्यवस्थाओं में प्रशासन के साथ ही मंदिर समिति का अहम योगदान रहता है। समिति की कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन साल निर्धारित है। रविवार को हो रहे चुनाव में अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष किशन तिवारी एवं पूर्णागिरि व्यापार मंडल अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय के बीच सीधी टक्कर है।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर नेत्रबल्लभ तिवारी, रमेश तिवारी एवं नीरज पांडेय के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
कोषाध्यक्ष पद पर पूरन पांडेय एवं कैलाश पांडेय और सचिव पद पर गिरीश पांडेय एवं सुरेश तिवारी के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव अधिकारी हीरा बल्लभ तिवारी एवं नरेश पांडेय ने बताया कि शाम चार बजे मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू कर नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।