खतेड़ा में मां भगवती सतचूली महोत्सव शुरू हो गया है। महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। स्थानीय और बाहर से आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने महोत्सव का शुभारंभ किया। मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए चार लाख रुपये देने की घोषणा की। शुक्रवार को मुख्य मेला होगा। जिसमें खतेड़ा से मां भगवती की डोला यात्रा निकलेगी।
महिलाओं ने आंचलिक परिधान में देवखली खतेड़ा से तीन किमी दूर स्थित मुख्य सतचूली मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। झांकी में शामिल लोग मां भगवती का जयकारा करते हुए चल रहे थे। बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए। खटीमा से आए सरस कला केंद्र के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां से खूब वाहवाही लूटी। कलाकारों ने मां भगवती की आराधना से कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली गीतों की झड़ी लगा दी।
कार्यक्रमों को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। इस मौके पर ग्राम प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, नन्नू मेहता, विजय ढेक, चंद्रशेखर बगौली आदि मौजूद थे।
हनुमान मंदिर में रामायण पाठ होगा
हनुमान जयंती पर 30 मार्च को लोहाघाट के हनुमान मंदिर में दो दिनी अखंड रामायण पाठ और भंडारा होगा। हनुमान मंदिर सेवा समिति की ओर से होने वाले कार्यक्रम के पहले दिन शुक्रवार को सुबह सात बजे से गणेश पूजन, कलश स्थापना, हनुमान पूजन, नवगृह पूजन, रामचरित मानस पूजन के बाद सुबह 10 बजे से अखंड रामायण पाठ शुरू होगा। दूसरे दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से हवन एवं पूर्णाहुति, दोपहर 12.30 बजे से आरती, प्रसाद वितरण व भंडारा होगा।