चंपावत। जिले में आने वाले प्रवासियों में से अधिकतर लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं। इसके लिए सैंपलिंग की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। यह बात शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सूबे के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा करते हुए कही। शिक्षा मंत्री ने जिले में ऑक्सीजन सिलिंडरों, बेड, वेंटीलेटर आदि के साथ ही एक्टिव केसों के बारे में जानकारी हासिल करते हुए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
चंपावत की समीक्षा के दौरान डीएम विनीत तोमर ने बताया कि जिले में 81 ऑक्सीजन बेड, 292 सिलिंडर, 11 वेंटीलेटर, 12 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं। वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 1200 है और 14 लोगों की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया कि जिले की सीमा पर आने वाले सभी की सैंपलिंग 24 घंटे शत प्रतिशत की जा रही है। शिक्षा मंत्री ने पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह से कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी और चुनौतियां इस महामारी में बहुत अधिक बढ़ गई हैं। इसलिए और अधिक ऊर्जा एवं उच्च मनोबल के साथ कार्य करें। शादियों में आने लोगों पर नजर बनाएं रखें और बेवजह घूमने वालो पर अंकुश लगाएं। इस अवसर पर एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडेय, डॉ. श्वेता खर्कवाल, एपीडी विमी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय, तनुज रावल एवं रजत पांडेय आदि मौजूद रहे।