चंपावत में तकनीकी खामी के चलते बंद पड़ा एसबीआई का मुख्य एटीएम।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय में रविवार को अधिकतर एटीएम बंद रहे। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई एटीएम में धनराशि खत्म होने से शटर डाउन करने पड़े। एसबीआई का मुख्य एटीएम तकनीकी खामी के चलते बंद रहा।
एसबीआई की चंपावत शाखा के उप प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि 24 मई को एसबीआई को 29 करोड़ रुपये मिले। इसके बाद एसएसबी परिसर, कोतवाली और कलक्ट्रेट स्थित एटीएम में नकदी डाली गई। बैंक परिसर में स्थित मुख्य एटीएम तकनीकी खामी के चलते बंद है। शनिवार को चंपावत और लोहाघाट के दो-दो एटीएम में कैश डालने के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी को 1.20 करोड़ रुपये दिए गए। मगर रविवार को एसबीआई के आउटसोर्सिंग वाले शांत बाजार और गोरलचौड़ रोड में लगे एटीएम में धनराशि खत्म हो गई।
जिला मुख्यालय में तमाम बैंकों के कुल 14 एटीएम हैं। इनमें से रविवार को यूको बैंक, यूनियन, जीआईसी रोड स्थित एसबीआई का एटीएम बंद रहा। जिस वजह से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अलबत्ता आईडीबीआई, पीएनबी, बॉब और केनरा बैंक के एटीएम सुचारु होने से लोगों ने राहत की सांस ली।