पिछले सप्ताह हुई बारिश के बावजूद जिला मुख्यालय में पेयजल किल्लत दूर नहीं हुई है। रविवार को भी प्रभावित इलाकों में टैंकर और पिकअप के जरिये पेयजल आपूर्ति की गई। इसके बावजूद कई लोग हैंडपंप और नौलों से पानी भरने को मजबूर हो रहे हैं।
अपर सहायक अभियंता किशोर पंत ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के बावजूद पेयजल स्रोत में खास बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। इस वजह से लोग अब भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लोग दूरदराज से नौलों व हैंडपंप से पानी ढो रहे हैं। वहीं मोटर स्टेशन, पिथौरागढ़ रोड, जीआईसी रोड, कनलगांव, मादली, छतार, टनकपुर रोड, गोरलचौड़, तल्लीहाट और मल्लीहाट में विभागीय टैंकर और पिकअप से पानी बांटा गया। बताया कि रौखेत स्रोत में अब भी 70 फीसदी, दुधाधारी, ललुवापानी और छीड़ापानी स्रोत में 40 से 60 फीसदी की कमी आई है।