पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं के उमड़ना मंगलवार को भी जारी रहा। 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। पिछले तीन-चार दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना होने से श्रद्धालु दिन में भी आगे बढ़ रहे हैं। मेला स्पेशल ट्रेन, एक्सप्रेस, डेमू से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेलवे स्टेशन पहुंचते रहे।
ठूलीगाड़ में दिनभर गहमागहमी रही। कई जगहों पर भंडारे चलने से प्रसाद के लिए लाइन लगती रही। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि फिलहाल मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य, सफाई, पेयजल और लाइट की व्यवस्था ठीक चल रही है। इधर, नगर के शारदा घाट पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं के जत्थे उमड़ते रहे। इससे घाट का माहौल भी भक्तिमय बना रहा। संवाद