चंपावत। जिले के न्याय पंचायत देवीधूरा के जीआईसी मैदान रीठाखाल में बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 832 से अधिक ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर में डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनाए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान कर योजनाओं का लाभ देना है।
शिविर में श्रम विभाग, स्वास्थ्य, महिला और बाल विकास, ऊर्जा, सहकारिता, पशुपालन, राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, आयुष, होम्योपैथी, समाज कल्याण, उद्यान सहित अनेक विभागों ने सहभागिता की। श्रम विभाग की ओर से शिविर में छह श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक्स-रे, रक्त जांच, नेत्र परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा दी गई।
महिला और बाल विकास विभाग की ओर से बालिका जन्मोत्सव मनाकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सशक्त संदेश दिया गया। शिविर में आधार संशोधन के साथ यूसीसी पंजीकरण से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शिविर में विभिन्न प्रमाण-पत्रों हेतु 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, सीडीओ डॉ. जीएस खाती, एसडीएम नीतू डांगर आदि मौजूद रहे।