वाट्सएप को टक्कर देने वाली चैटर सिप एप बनाने वाले 15 वर्षीय अमित भंडारी की एप को दो दिन में ही 500 से अधिक डाउनलोडिंग मिली हैं।
दो दिन पूर्व अमर उजाला ने अमित की तरफ से तैयार किए गए एप के संबंध में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। अमित ने अमर उजाला का आभार जताते हुए कहा है कि खबर प्रकाशित होने के बाद उसे देश भर से शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। उनका कहना है कि खबर प्रकाशित होने के बाद गूगल प्ले स्टोर में एप डाउन लोड करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
लोहाघाट के विवेकानंद विद्या मंदिर में 11वीं कक्षा में अध्ययनरत अमित का कहना है कि चैटर सिप एप्लीकेशन खास तौर पर एंड्रायड यूजर्स के लिए बनाया गया है। आप इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउन लोड कर चलाएं खुद-ब-खुद आपको इसकी खासियत के बारे में पता चल जाएगा।
उनका कहना है कि चैटर सिप एप में कोई भी हैकर आपके मैसेज को कभी हैक नहीं कर सकता है। एप में पांच हजार लोगों का ग्रुप बनाया जा सकता है, लेकिन ग्रुप में जितने भी सदस्य होंगे वह एक दूसरे का नंबर नहीं देख पाएंगे। इसमें अनलिमिटेड ग्रुप मीडिया एक्सेस है, जिसका मतलब यह है कि आप एक बार में ज्यादा से ज्यादा मैसेज और फोटो वीडियो अपने दोस्तों को भेज सकते हैं। यही नहीं कितने भी बड़े साइज के वीडियो को कुछ ही देर में भेजा जा सकता है।