पूर्णागिरि (चंपावत)। पूर्णागिरि मेले में रविवार को 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। इस दौरान दिनभर मंदिर में लंबी-लंबी लाइनें लगती रहीं। ठूलीगाड़ में भंडारों में प्रसाद के लिए श्रद्धालु उमड़ते रहे।
अवकाश के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं का बूम, ठूलीगाड़ और भैरव मंदिर पार्किंग तक वाहनों से आना जारी रहा। भैरव मंदिर से मां पूर्णागिरि धाम तक श्रद्धालु मां पूर्णागिरि माता का जयकारा लगा कर दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। यहां से करीब तीन किमी पैदल चल कर श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए मंदिर में पहुंचे। तीन किमी पैदल क्षेत्र में स्थित दुकानों से श्रद्धालु खरीदारी भी करते रहे। बच्चों के खिलौने, चूड़ी-कंगन आदि सामानों की खूब बिक्री हुई।
रविवार का अवकाश होने के कारण क्षेत्र की तीनों पार्किंग पूरी तरह से पैक नजर आईं। श्रद्धालुओं ने कहा कि उनकी मां के प्रति बड़ी आस्था है। मेले का उन्हें बेसब्री से इंतजार रहता है। समिति की ओर से मां के दर्शन के लिए 24 घंटे स्वयंसेवक तैनात रहे। पुलिस ने श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण बैरिकेडिंग लगा कर भीड़ को नियंत्रित किया।