पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं का उमड़ना जारी है। 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने 24 घंटे में मां के दर्शन किए। इस बीच सुबह और शाम के समय दर्शन के लिए लंबी लाइन लगती रही। बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही मेला स्पेशल ट्रेन के साथ ही एक्सप्रेस, डेमो और बस, निजी वाहनों से श्रद्धालु पड़ाव क्षेत्र में आते रहे। बूम, ठूलीगाड़ और भैरव मंदिर पार्किंग में वाहन पैक रहे।
ठूलीगाड़ में विभिन्न संगठन और समाजसेवियों ने भंडारे का आयोजन किया। भैरव मंदिर से आगे पैदल मार्ग पर रातभर मां के जयकारों की गूंज रही। मंदिर समिति की ओर से दर्शन के लिए 24 घंटे व्यवस्था जारी रही है। मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी सेवा में लगे हुए हैं। इधर, उप जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में लगे स्वास्थ्य कैंपों में चिकित्सक और स्टाफ रात और दिन तैनात है। निरंतर व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। संवाद