बाराकोट में एसबीआई कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद बंद बैंक शाखा।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट/चंपावत। चंपावत जिले में बुधवार को 75 कोरोना सैंपल पॉजिटिव पाए गए। जिले में अब कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 442 पहुंच गई है। जिले में बुधवार को 19 शिविरों में 490 लोगों को कोविड टीका लगाया गया। एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडे ने बताया कि जिले में चुनाव ड्यूटी वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी एहतियाती डोज के साथ ही 15 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं।
लोहाघाट ब्लॉक में 70 से अधिक कोरोना के सक्रिय मामले हैं, जिन्हें होम आइसोलेशन में भेजा गया है। उधर एसबीआई बाराकोट के दो कर्मी कोरोना संक्रमित होने के कारण बैंक शाखा बंद है। उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. जुनैद कमर ने बताया कि बुधवार को कुल 22 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
डॉ. जुनैद ने बताया कि 22 में से 17 लोग आरटीपीसीआर, चार एंटीजन, एक ट्रूनॉट जांच में संक्रमित पाया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित 22 वर्ष के युवक का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। डॉ. जुनैद ने लोगों से मास्क लगाने, भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने और कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है।