दीप पर्व पर चंपावत नगर रंगबिरंगी रोशनी में जगमगाता। फोटो : पंकज पाठक
चंपावत/टनकपुर। जिले में दिवाली पर्व पर दो दिन में 17 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। धनतेरस के दूसरे दिन रविवार की सुबह से ही बाजार में चहल-पहल शुरू हो गई थी। नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचने लगे। लोगों ने घर के लिए सजावटी सामान फूलों की लड़ियां, दीये, बिजली की मालाएं आदि खरीदीं। इसके अलावा मिठाई, खील, बताशे, खिलौने की भी खूब खरीदारी की गई। रात में नगर रंग-बिरंगी झालरों से जगमग रहा।
भैरवा के पास में बनी पार्किंग में लगे पटाखे के बाजार में भी देर शाम तक चहल-पहल रही। लोगों ने अनार और फुलझड़ियां अधिक संख्या में खरीदीं। व्यापार संघ महामंत्री चंपावत हरीश सक्टा ने बताया कि रविवार को तीन करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस में कारोबार उम्मीद के मुताबिक अच्छा रहा। टनकपुर में मुख्य बाजार में पूजा सामग्री और गांधी मैदान में आतिशबाजी की दुकानों पर काफी भीड़ रही। सीओ वंदना वर्मा ने दमकल कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। संवाद