चंपावत। जिले के लोहाघाट विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने कतिपय अधिकारियों की ओर से फोन न उठाने पर गहरी नाराजगी जताई है। जिला सभागार में सांसद अजय टम्टा की अध्यक्षता में शनिवार को हुई जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में प्रतिभाग करने पहुंचे विधायक एआरटीओ पर भड़क उठे। उनका कहना था कि एआरटीओ की ओर से उनके फोन नंबर को ब्लॉक कर दिया गया है। इसके चलते कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के फोन न उठाने वाले अधिकारियों को जल्द अपने व्यवहार में सुधार लाने अन्यथा खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी। निगरानी समिति की बैठक शुरू होते ही विधायक फर्त्याल ने कड़े तेवर दिखा अधिकारियों को फटकार लगाई।
क्रस बैरियर की घटिया गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
चंपावत। निगरानी समिति की बैठक में विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने बारहमासी सड़क में क्रस बैरियर की घटिया गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चल्थी में सड़क का निर्माण पूरा नहीं किया जा सका है। उनका कहना था कि कार्यदायी विभाग के अधिकारी दबाव में काम कर रहे हैं। (संवाद)