लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर-जौजलीबी (टीजे) सड़क का कार्य करा रहे दलीप सिंह अधिकारी फर्म के पार्टनर आनंद अधिकारी ने विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की ओर से सड़क निर्माण में लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोप पर पलटवार किया है। आनंद ने विधायक के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। आनंद का कहना है कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टीजे सड़क निर्माण में उनकी फर्म को टेंडर मिला है। उनकी फर्म ने सारी शर्तों को पूरा कर टेंडर हासिल किया है।
विधायक की ओर से द्वेष भावना से लगातार भ्रष्टाचार के बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। आनंद का कहना है कि आर्बिट्रेशन ने भी उनके पक्ष मेें फैसला दिया है। उनका कहना है कि उनकी फर्म ने सारी शर्तों को पूरा कर ईमानदारी से सभी दस्तावेज प्रस्तुत कर टीजे सड़क का ठेका हासिल किया है। आनंद का कहना है कि विधायक को उन पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि न्यायालय के फैसले से विधायक को आपत्ति है तो वह इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाएं। जहां से दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। आनंद का कहना है कि करीब छह माह पूर्व टीजे सड़क के दूसरे पैकेज चूका से रूपालीगाड़ के कार्य में आर्बिट्रेशन ने उनकी फर्म को क्लीन चिट दी थी। जिसके बाद सरकार की ओर से उनकी फर्म को ही सड़क निर्माण कार्य के लिए अधिकृत किया है।