श्रीरीठासाहिब गुरूद्वारे में सालान जोड़ मेले से पूर्व स्नानघाट से नहीं हटाई जा सकी है गंदगी।
- फोटो : अमर उजाला
देश विदेश में मीठे रीठे को लेकर प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्रीरीठासाहिब में सालाना जोड़ मेले से पहले विभिन्न प्रकार की अव्यवस्थाएं हावी हैं। ऐतिहासिक श्रीरीठासाहिब गुरुद्वारे में इस वर्ष सात से नौ जून तक सालाना जोड़ मेला आयोजित किया जाना है, लेकिन अब तक मेला स्थल में किसी प्रकार का सफाई अभियान नहीं चलाया गया है।
लधिया और रतिया नदी के संगम पर बने स्नानघाट में गंदगी के ढेर लगे हैं। वहीं, गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से मेले की व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। गुरुद्वारा स्थल तक मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, इस कारण यहां पहुंचने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुद्वारा परिसर में हाइमास्ट लाइट लगाने के बाद से एक भी दिन नहीं जली है और लाखों रुपये की लागत से बनाया गया म्यूजिकल फाउंटेन पानी और बिजली की कमी से शोपीस बना है। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से संबंधित विभागों में कई बार कमियों को दूर करने की गुहार लगाई जा चुकी हैं, लेकिन स्थिति में कोई अंतर नहीं आया है।
अस्थायी शौचालय और पार्किंग की समस्या
चंपावत। श्रीरीठासाहिब गुरुद्वारे में लगने वाले जोड़ मेले में अस्थायी शौचालयों की कमी और पार्किंग की समस्या आड़े आती है। मेले के दौरान सैकड़ों चौपहिया वाहनों के साथ ही हजारों की संख्या में दोपहिया वाहनों से तीर्थयात्री यहां पहुंचते हैं, इस कारण रीठासाहिब मार्ग पर यातायात को लेकर भी समस्या पैदा होती है।