बनबसा (चंपावत)। व्यापार मंडल ने बनबसा के मिनी स्टेडियम को खेल विभाग को सौंपने की मांग की है। उन्होंने मिनी स्टेडियम में नगर पंचायत के मनोरंजन पार्क बनाने का विरोध जताया है।
एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को ज्ञापन सौंपा गया। बताया कि दो वर्ष पूर्व यहां के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, व्यापारियों, नागरिकों ने एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया था। इसमें शासन प्रशासन से मिनी स्टेडियम को खेल विभाग को सौंपने के तहत गुहार लगाई गई थी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका है। मिनी स्टेडियम खेल विभाग को हस्तांतरित न होने के कारण पिछले चार वर्षों से यहां खेल गतिविधियां थम गई हैं। वहां तैनात कोच भी हटा दिए गए हैं। इससे खिलाड़ियों का मनोबल टूट चुका है एवं युवा भटकाव के रास्ते पर पहुंच गए हैं। इसलिए मनोरंजन पार्क को अन्यत्र बनाया जाए। ज्ञापन में व्यापार मंडल प्रदेश मंत्री शंकर लाल वर्मा, अध्यक्ष भरत भंडारी, ललित वर्मा, अरबी मल्ल, वीरेंद्र चंद, सूरज रौतेला, विक्की थापा आदि के हस्ताक्षर हैं।