टनकपुर (चंपावत)। एक गर्भवती के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया। इस पर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजन उसे एसटीएच हल्द्वानी भेजने से मना कर रहे थे। इसलिए डॉक्टरों को मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसे एंबुलेंस से हल्द्वानी भिजवा दिया गया।
एक गांव की 23 वर्षीय नौ माह की गर्भवती को उसके परिजन मंगलवार को अस्पताल ले गए। स्वास्थ्य विभाग ने उसकी कोरोना जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकली। महिला के प्रसव की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया जबकि महिला के पति, आशा कार्यकर्ता एवं एक तीमारदार ने गर्भवती को हल्द्वानी भेजने से मना कर दिया। वह अस्पताल की नर्स को साथ भेजने को कहने लगे, जिसे स्वास्थ्य महकमे ने नहीं माना। सीएमएस एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि गर्भवती के परिजनों की मांग पूरी करना संभव नहीं था। इसलिए डीएम के निर्देश पर उसे एसटीएच हल्द्वानी भेजा जा सका। स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती के पति को भड़काने वाली आशा कार्यकर्ता एवं तीमारदार के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।