चंपावत। पशुपालन, दुग्ध विकास, गन्ना विकास एवं चीनी, उद्योग मंत्री सौरभ बहुगुणा सोमवार को यहां दो दिनी भ्रमण पर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। उन्होंने दुग्ध संघ के जीएम को दुग्ध उत्पादकों के लिए दूध के रेट बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि किसान इस क्षेत्र में बेहतर कार्य करने को प्रेरित हों। उन्होंने कहा इससे किसान की आय में भी इजाफा होगा।
मंत्री ने कहा कि तीनों विभाग पशुपालन, दुग्ध एवं मत्स्य के क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के लगातार प्रयास कर रहे हैं। गोट वैली प्रोजेक्ट सरकार का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, इसलिए जिले के सभी किसानों को इसकी पूरी, बेहतर जानकारी होनी चाहिए। किसानों को गोष्ठियों के साथ ही विभिन्न माध्यमों से गोट वैली प्रोजेक्ट के बारे में जागरूक एवं प्रेरित करें और इच्छुक किसानों को चिन्हित कर उन्हें लाभांवित किया जाए।
बैठक में पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी, एसपी देवेंद्र पींचा, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी पीएस भंडारी, प्रबंधक दुग्ध संघ, प्रभारी संजीव कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमल सिंह रावत, ग्राम प्रधान हरीश जोशी, श्याम नारायण पांडेय, सूरज प्रहरी आदि मौजूद रहे।