चंपावत। एसटीएफ कुमाऊं और थाना बनबसा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 309.96 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
एसपी अजय गणपति ने बताया कि बीते शनिवार को एसटीएफ कुमाऊं और बनबसा पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धनुषपुल पुलिस चौकी बनबसा के पास से शकूर अहमद (55) निवासी मोहल्ला अब्बासनगर, थाना बहेड़ी (यूपी) के कब्जे से 309.96 ग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति हेरोइन की सप्लाई कहां करने जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
बता दें कि जिले में पुलिस अब तक 12 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ पकड़ चुकी हैं। पुलिस के अभियान में इस वर्ष अब तक 16.58 किग्रा चरस, 632.13 ग्राम स्मैक/हेरोइन, 5.789 किलो एमडीएमए ड्रग और 986 ग्राम अफीम बरामद की जा चुकी है। 65 मामले पंजीकृत कर 100 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
12 जुलाई को पकड़ी थी एमडीएमए ड्रग्स
चंपावत पुलिस, एसओजी और पिथौरागढ़ एसओजी की टीम ने पिछले महीने 12 जुलाई को चेकिंग के दौरान 5.688 किलो की ड्रग्स के साथ ईशा (22) पत्नी राहुल कुमार (22) निवासी पंपापुर बनबसा को गिरफ्तार किया था। मुंबई में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ ड्रग पहाड़ से सप्लाई होने की जानकारी मिली थी। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 10 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई थी। मामले में पुलिस कुनाल कोहली निवासी टनकपुर की तलाश कर रही है।