बनबसा (चंपावत)। बनबसा से अवैध रूप से 78 लाख रुपये की नेपाली करेंसी लेकर नेपाल जा रहे एक व्यक्ति को बनबसा एसएसबी ने पकड़ लिया। बरामद राशि को कस्टम के सुपुर्द किया गया है। कस्टम ने फेमा एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी युवक को छोड़ दिया है। उस पर कस्टम न्यायालय में मुकदमा चलेगा।
रविवार को एसएसबी 57वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट दीपक सिंह जयाडा के निर्देश पर बनबसा एसएसबी कर्मी सघन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी बीच बनबसा से नेपाल बार्डर पर एसएसबी बनबसा स्थित चेकपोस्ट पहुंची एक कार (यूके 03 टीए 2021) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में बनी गुप्त रैक में छिपाकर रखी गई 78 लाख रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद हुई। वाहिनी के बनबसा प्रभारी सहायक कमांडेंट दिनेश यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सलमान अंसारी निवासी मीना बाजार, बनबसा बताया है।
पूछताछ में उसने बताया कि यह रकम वह नेपाल में किसी को देने के लिए ले जा रहा था। सहायक कमांडेंट ने बताया कि युवक के पास पकड़ी गई रकम संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले और न ही वह संतोषजनक उत्तर ही दे पाया। बता दें कि जरूरी दस्तावेज होने पर भारत से नेपाली करेंसी नेपाल ले जाई सकती है।