चंपावत में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करती औषधी निरीक्षक। स्रोत : सूचना विभाग
चंपावत। जिले में नशा मुक्त और नकली दवाओं की रोकथाम अभियान के तहत औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों से जांच के लिए दवाओं के सात सैंपल लिए गए।
चेकिंग अभियान के दौरान सात थोक और खुदरा औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध श्रेणी की दवाओं के सात नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में दवाओं के स्टॉक रजिस्टर और क्रय-विक्रय अभिलेखों की जांच की गई।
सभी मेडिकल प्रतिष्ठानों पर वैध लाइसेंस की उपलब्धता, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों के क्रय-विक्रय की स्थिति और सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकार्डिंग व्यवस्था की भी जांच की गई। औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना है ताकि युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।