टनकपुर (चंपावत)। अमर उजाला फाउंडेशन ने रविवार को आमबाग ग्राम पंचायत में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। बीमारी के बारे में उचित परामर्श दिया गया। शिविर में 45 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य की जांच कराई। 24 लोगों के खून की जांच कर जरूरतमंदों को दवाइयां भी बांटी गईं।
राजकीय हाईस्कूल आमबाग में आयोजित शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान मोहिनी चंद ने किया। शिविर की सूचना पहले मिलने के कारण आसपास के क्षेत्रों से कई लोग निर्धारित समय से पहले ही शिविर स्थल पर पहुंचने लगे थे। फाउंडेशन के चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु सिंह दताल ने शिविर में आए लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उपचार के बारे में उचित परामर्श दिया। डॉ. दताल ने बताया कि जांच में ज्यादातर लोग हड्डी, जोड़ों के दर्द, मौसमी बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर, पेट संबंधी बीमारी से पीड़ित थे।
फाउंडेशन के लैब तकनीशियन संजय डालाकोटी ने खून के सैंपल लिए। इनमें से आठ लोगों का ब्लड शुगर, दो लोगों की सीबीसी, एक लिपिड प्रोफाइल, तीन एसजीपीटी, तीन एसजीओटी, पांच लोगों का यूरिक एसिड, एक के यूरिक एसिड की जांच हुई। आयोजन में फाउंडेशन के देवेंद्र नगरकोटी, पूर्व बीडीसी सदस्य हरिओम सेठी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक चंद, पुष्कर चंद, कुबेर सिंह धामी, सुभाष चंद आदि ने सहयोग किया।
टनकपुर के शहर मेला क्षेत्र में आज लगेगा शिविर
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को टनकपुर में शहर मेला क्षेत्र पुरानी टंकी के पास सुबह दस बजे से निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में स्थानीय नागरिकों के साथ ही पूर्णागिरि मेले में आ-जा रहे श्रद्धालुओं के भी स्वास्थ्य की जांच कर जरूरतमंदों को दवाइयां बांटी जाएंगी।