मल्ली और तल्ली खरहीं में पानी का संकट
- फोटो : अमर उजाला
पाटी विकासखंड के मल्ली और तल्ली खरहीं में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पेयजल किल्लत के चलते लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। लोग गाड़-गधेरों से पानी ढोकर प्यास बुझाने को मजबूर हो रहे हैं।
दिलीप सिंह, रघुवर सिंह, उमेद सिंह, नारायण सिंह, दिवान सिंह आदि का कहना है कि खरहीं पेयजल योजना से ईजर, तल्ली और मल्ली खरहीं के लोगों को जलापूर्ति की जाती थी। वर्तमान में ईजर तोक के लोगों को तो पर्याप्त पानी मिल रहा है, लेकिन तल्ली और मल्ली खरहीं में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
इस कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों ही तोकों में करीब 50 परिवार रहते हैं। पेयजल किल्लत के चलते ग्रामीण एक किलोमीटर दूर गाड़-गधेरों से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लोगों को हो रही दिक्कतों की ओर उनके द्वारा विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जल संस्थान के अधिकारियों ने पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।