चंपावत। डीएम नवनीत पांडेय की अध्यक्षता में जिला सभागार में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय लोहाघाट की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। उन्होंने सभी छात्रों के हेल्थ कार्ड बनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करने के साथ ही बच्चों समग्र विकास के लिए उन्हें एक्सपोजर विजिट पर ले जाने, ओपन एयर जिम की स्थापना, कॅरिअर काउंसलिंग, ओरिएंटेशन प्रोग्राम्स एवं पुस्तकें उपलब्धता जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य कमल किशोर तिवारी ने बताया कि विद्यालय की छात्र संख्या 300 है। इसमें वर्तमान में 216 छात्र अध्ययनरत हैं। आगामी सत्र में कक्षा छह में 57 विद्यार्थियों का प्रवेश प्रस्तावित है। विद्यालय में पीजीटी के 11 स्वीकृत पदों में से नौ पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। टीजीटी में सभी 14 पदों पर शिक्षक तैनात हैं। डीएम ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि कंप्यूटर साइंस एवं वाणिज्य विषयों के रिक्त पदों का सृजन शीघ्र कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
विद्यालय और आवासीय भवनों में जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाने के साथ बच्चों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाई जाएं। डीएम ने कहा कि आवासीय शिक्षण संस्थाएं दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी छात्रों के लिए ज्ञान, अनुशासन और समग्र विकास का केंद्र हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि इन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और व्यापक अवसर मिलें, जिससे वह आत्मनिर्भर, जागरूक और देश के निर्माण में सहभागी बन सकें। यहां एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, उप कोषाधिकारी लोहाघाट गणेश दत्त चौथिया आदि रहे।