चंपावत। भारत-नेपाल सीमा पर आर्थिक अपराधों की रोकथाम और वित्तीय सुरक्षा के लिए जिला सभागार में डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में सीमा संबंधी मुद्दों एवं कार्रवाई समिति (बीआईएसी) की मासिक बैठक हुई।
इसमें नवंबर की सीमा प्रबंधन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में बताया कि जिले की बैंक शाखाओं में नकली नोटों की पहचान के लिए अक्तूबर तक 67 मशीनें स्थापित थीं। नवंबर में 10 और मशीनें लगने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 77 हो गई है। जिले में 23 बैंकों की कुल 77 शाखाएं संचालित हैं। इनमें जिला सहकारी बैंक की 10, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की नौ, वाणिज्यिक बैंकों की 57 और लघु वित्त बैंक की एक शाखा शामिल है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भारत-नेपाल सीमा से जुड़े आर्थिक अपराधों और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित विभागों के साथ तत्काल साझा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में एसपी रेखा यादव, सीडीओ अजय सिंह, एसएसबी की पांचवीं और 57वीं वाहिनी के कमांडेंट करन चौहान व दीपक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद