मां बाराही धाम देवीधुरा में स्वदेश दर्शन हैरिटेज सर्किट योजना से चल रहा काम।
- फोटो : amar ujala
बग्वाल के लिए प्रसिद्ध मां बाराही धाम देवीधुरा की जल्द ही तस्वीर बदल जाएगी। स्वदेश दर्शन हैरिटेज सर्किट योजना के अंतर्गत तीन तीर्थ स्थलों के साथ ही देवीधुरा का भी पर्यटन विकास किया जा रहा है। 17.33 करोड़ रुपये की केंद्र पोषित इस परियोजना के लिए अब तक 4.09 करोड़ रुपये अवमुक्त भी हो चुके हैं। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि इस कार्य: को अगले साल मई तक पूरा कर लिया जाएगा।
मां बाराही धाम में हर साल रक्षाबंधन के दिन बग्वाल (पत्थर व फल-फूल मार युद्ध) होता है। इसको देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग दूरदराज से उमड़ते हैं लेकिन अब तक बग्वाल को देखने के लिए भी न कोई दर्शक दीर्घा थी और नहीं कोई अन्य जरूरी सुविधाएं। मगर कौतुहल के चलते लोग असुविधाओं के बावजूद यहां पहुंचते हैं।
अब हैरिटेज सर्किट योजना से यहां 10 हजार लोगों की क्षमता वाले दर्शकदीर्घा का निर्माण होगा। ये दर्शक दीर्घा प्रदेश के पहाड़ी जिलों में सबसे बड़े मंचों में से एक होगी। इसके अलावा बग्वाल में हिस्सा लेने वाले वीरों के लिए यौद्धा भवन, व्यूप्वाइंट, पार्किंग, पथ प्रकाश रूरल स्पोर्ट्स सेंटर आदि का भी निर्माण होगा। यौद्धा भवन के एक हिस्से का निर्माण हो भी चुका है। कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा निर्मित किए जा रहे कार्य को बेहतर गुणवत्ता देने के लिए मेला संयोजक विनोद गड़कोटी बराबर निर्माण कार्यो में निगरानी रखे हुए है।
बढ़ेगा देवीधुरा का धार्मिक पर्यटन
मां बाराही धाम के पीठाचार्य कीर्ति शास्त्री का कहना है कि स्वदेश दर्शन योजना से देवीधुरा को चार चांद लगेंगे। श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन भी बढ़ेगा। वहीं मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक और पाटी के पूर्व ब्लाक प्रमुख लक्ष्मण सिंह लमगड़िया का कहना है कि चार धामों की तरह मां बाराही धाम का यह स्थल पांचवे धाम के रूप में विकसित हो सकेगा।