त्योहार सीजन में रसोई गैस का संकट होने से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। एडवांस बुकिंग के बावजूद गैस नहीं मिल पा रही है। बैकलॉक 1500 से अधिक है। दीपावली तक गैस की समस्या दूर होगी या नहीं इसमें संदेह है।
टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के 15,805 उपभोक्ता रसोई गैस के लिए टनकपुर एजेंसी पर निर्भर हैं। दीपावली का पर्व नजदीक है और ऐसे में गैस की समस्या ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। गैस के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग रही है और ट्रक के एजेंसी में पहुंचते ही गैस के लिए उपभोक्ताओं में मारा-मारी मच रही है। आनलाइन एडवांस बुकिंग के बावजूद कई उपभोक्ताओं को दिनभर लाइन में खड़े रहने के बाद भी निराश लौटना पड़ रहा है।
एजेंसी प्रबंधक कमला तिवारी ने बताया कि टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए हर माह 5814 सिलेंडरों की जरूरत होती है, लेकिन इस माह प्लांट से अब तक 4284 सिलेंडरों की ही आपूर्ति हो पाई है। 1530 एडवांस बुकिंग बैकलॉक है। हल्दूचौड़ प्लांट से जरूरत भर के सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो पाई है। एजेंसी प्रबंधक ने बताया कि हल्द्वानी स्थित हल्दूचौड़ गैस प्लांट में गुजरात स्थित रिफाइनरी से ही गैस की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिससे ये हालात पैदा हुए हैं। उनका कहना है कि गैस की यह समस्या दीपावली से पहले दूर हो पाएगी, इसमें संदेह है।