लोहाघाट (चंपावत)। रसोई गैस लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी करानी होगी। गैस एजेंसी ने 31 दिसंबर तक सभी उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराने की अपील की है। गैस एजेंसी प्रबंधक उमेश सिंह का कहना है कि सभी रसोई गैस उपभोक्ताओं को 31 दिसंबर तक ई-केवाईसी करानी है। जिन उपभोक्ताओं की पूर्व में ई-केवाईसी हो चुकी है उन्हें दोबारा ई-केवाईसी नहीं करानी होगी। वर्तमान में गैस एजेंसी में करीब 1500 उपभोक्ता उज्ज्वला लाभार्थी हैं जिनकी ई-केवाईसी होनी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि तक अपने कनेक्शनों की ई-केवाईसी कराने की अपील की है। ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं को गैस रिफिलिंग से वंचित भी होना पड़ सकता है।
ग्रामीण बैंक करा रहा खाताधारकों की केवाईसी
पिथौरागढ़। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक बलुवाकोट शाखा की ओर से अपने खाताधारकों के सत्यापन के लिए केवाईसी की जा रही है। शाखा प्रबंधक संदीप कुमार पाल ने बताया कि सभी खाताधारकों से आधार कार्ड, फोटो एवं अन्य वैध कागजात बैंक शाखा, बैंक मित्र केंद्र पर जमा कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 12 हजार से अधिक खाताधारक हैं। उन्होंने कहा है कि यदि केवाईसी नहीं कराई तो भविष्य में अस्थाई रूप से खाते पर रोक लग जाएगी। उन्होंने कहा कि दावों के निपटान में आसानी हो सकें इसके लिए बैंक खातों में नामिनी का नामांकन कराना भी आवश्यक है।