लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट में शासन की ओर से एक और बहुमंजिला कार पार्किंग का तोहफा मिला है। शासन ने जिला पंचायत भवन के पास कार पार्किंग, गैस्ट हाउस की स्वीकृति देने के साथ प्रथम किस्त भी जारी कर दी है। नगर लोहाघाट में जिला पंचायत भवन के पास दो मंजिला पार्किंग, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट आदि का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। जिसके लिए कार्यदायी संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्लूडी) ने डीपीआर बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
आरडब्लूडी के सहायक अभियंता शमशाद खान ने बताया कि जिला पंचायत भवन के पास दो मंजिला कार पार्किंग सहित कई कामों की स्वीकृति मिली है। दो मंजिला कार पार्किंग में 29 वाहनों को पार्क करने की क्षमता होगी। साथ ही तीसरी मंजिल में आठ कमरे और रेस्टोरेंट, चौथी मंजिल में आठ कमरे और एक डोरमैट्री बनेगी। शासन की ओर से प्रथम चरण में करीब छह लाख रुपये अवमुक्त भी हो चुके हैं। बताया कि डीपीआर बनाने का कार्य जारी है, जल्द ही डीपीआर बनकर तैयार होगी, जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पार्किंग स्थलों का किया जा रहा निर्माण
लोहाघाट। नगर लोहाघाट में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए शासन की ओर से काफी प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में नगर में कोई भी पार्किंग न होने से लोगों को अपने वाहनों को पार्क करने में काफी दिक्कतें होती थी। वर्तमान में नगर पालिका कार्यालय के पास और टीआरसी के पास दो कार पार्किंग बनकर तैयार हो गए हैं, इसका शुभारंभ होना शेष है। साथ ही गैस गोदाम के पास भी कार पार्किंग प्रस्तावित है। नगर में कार पार्किंग बनने से लोगों को वाहनों को पार्क करने में काफी राहत मिलेगी।