बनबसा (चंपावत)। गौरव सेनानी कल्याण समिति सदस्यों ने बनबसा क्षेत्र में बाहरी लोगों के जमावड़े पर चिंता जताई है। समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि बाहरी लोगों को रोका नहीं गया तो क्षेत्र की डेमोग्राफी ही बदल जाएगी।
कैप्टन हरीश कापड़ी ने कहा कि क्षेत्र में एक भी कल कारखाने या अन्य रोजगार के साधन नहीं होने के बाद भी यहां बाहरी लोगों का आगमन चिंता का विषय है। इससे क्षेत्र में आपराधिक छवि के लोगों के आने की भी आशंका बनी हुई है। कहा कि कई बाहरी लोगों ने यहां पर सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण तक कर दिया है। उन्होंने शासन प्रशासन से बनबसा में आए बाहरी लोगों का सत्यापन करने की मांग की है। बैठक में कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
बनबसा के थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने कहा कि समय-समय पर क्षेत्र में सत्यापन कार्य किया जा रहा है। कहा कि जल्द ही सत्यापन अभियान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।