लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज के लोहाघाट डिपो को विधायक के प्रयास से सात और नई बसें मिल गई हैं। नई बसें मिलने से जहां रोडवेज को राहत मिली है वहीं यात्रियों को नई बसों में सफर करने में आराम मिलेगा।
रोडवेज के लोहाघाट डिपो में लंबे समय से रोडवेज बसों की कमी बनी हुई थी। डिपो से पुरानी बसों का संचालन किया जा रहा था। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की दिक्कतों को देखते हुए विधायक अधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लोहाघाट डिपो को 24 नई बसें दिलाने की मांग की थी। इसके चलते लोहाघाट डिपो को 12 नई बसें मिल चुकी हैं। रोडवेज की एसएसआई दीपा वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से सात और नई बसें मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि तीन बार में अभी तक 12 नई बसें मिल चुकी हैं। सभी नई बसों को दिल्ली, गुरुग्राम के लिए संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रोडवेज के लेाहाघाट डिपो से नौ रूटों में प्रतिदिन 15 बसों का संचालन किया जा रहा है।