लोहाघाट (चंपावत)। राष्ट्रीय सम विकास योजना (आरएसवीवाई) के तहत 14 वर्ष पहले नगर में बनाए गए दो हाइटेक शौचालयों में ताले लटके हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
आरएसवीवाई के तहत वर्ष 2007 में रोडवेज बस स्टेशन और टैक्सी स्टैंड के पास 20 लाख रुपये से दो-दो सार्वजनिक शौचालय बनाए गए। कार्यदायी संस्था मानव सेवा उत्थान समिति ने इन शौचालयों को नगर पंचायत को हस्तांतरित नहीं किया। इसके बावजूद कुछ समय के लिए दोनों शौचालयों को बीच में चालू भी किया गया था, लेकिन अब इन दोनों में ताले लटक गए। स्थानीय लोगों समेत यात्रियों की निर्भरता रोडवेज के पास बने शौचालय पर थी। शौचालय न होने से दूरदराज से आने वाले लोगों और मुसाफिरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों को शौच के लिए लंबी दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ता है। पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड से मडलक, पुल्ला, चमदेवल, खालगढ़, किमतोली, पंचेश्वर, मटियानी, रौंसाल, बाराकोट, रैघांव, बर्दाखान, सिमलखेत आदि की टैक्सियों का संचालन होता है। (संवाद)
ग्रामीण क्षेत्र से आने वालों को उठानी पड़तीं हैं परेशानियां
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट, बर्दाखान, रैघांव, छुलापैं, पुलहिंडोला, रौंसाल, दिगालीचौड़, चमदेवल, मटियानी, पंचेश्वर आदि स्थानों के हीरा देवी, रतन सिंह, प्रकाश सिंह, नवीन चंद्र, जगदीश बिष्ट, गोदावरी का कहना है कि लोहाघाट में शौचालय की व्यवस्था न होने से लोगों को दिक्कतें होतीं हैं। (संवाद)
जल्द शुरू कराए जाएंगे शौचालय : वर्मा
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा का कहना है कि रोडवेज स्टेशन और बाराकोट टैक्सी स्टैंड में बनाए गए दोनों हाइटेक शौचालयों को प्रशासन की इजाजत से दो महीने पहले नगर पंचायत ने ले लिया है। बाराकोट टैक्सी स्टैंड के हाइटेक शौचालय को ठीक कराया जा चुका है और इसे शीघ्र चालू कर दिया जाएगा, जबकि स्टेशन के शौचालय की मरम्मत के लिए टेंडर लग गए हैं। (संवाद)
डबल कोट सचित्र
लोहाघाट में हथरंगिया, मीनाबाजार, खड़ी बाजार, डाक बंगला रोड, पिथौरागढ़ रोड पर शौचालय की व्यवस्था नहीं है। स्टेशन बाजार के एकमात्र मूत्रालय में कई बार लोग शौच भी कर देते हैं। इससे लोगों को काफी दिक्कतें होतीं हैं।
- सतीश मुरारी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष।
हाइटेक शौचालय चालू न होने स लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों और बाहरी स्थानों से बड़ी संख्या में लोग लोहाघाट बाजार आते हैं। शौचालय बंद होने से लोगों को मुश्किल आती है।
- नवल राय, व्यापारी।