टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में अमोड़ी पुल पर खड़े वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) में बारहमासी सड़क की कटिंग के दौरान अक्सर आवाजाही बाधित हो रही है। 150 किमी के इस हिस्से में लोगों को छह जगह जाम में फंसने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसके चलते मुसाफिरों को एक-एक जगह 15 मिनट से 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं जाम के दौरान वाहन काफी वक्त तक पुलों पर खड़े हो रहे हैं। इससे पुलों की सुरक्षा पर भी खतरा होने का अंदेशा है।
एनएच में टनकपुर से पिथौरागढ़ के बीच किरौड़ा, चल्थी व घाट के बड़े पुल के अलावा आधा दर्जन से अधिक छोटे पुल हैं। सड़क कटिंग में जाम के दौरान वाहन चालक पुल में भी अपने वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। भारी-भरकम वजन के चलते लंबे समय तक पुल में वाहनों के खड़े होने से खतरे का अंदेशा बना रहता है। अमोड़ी-स्वांला के बीच के पुल में अक्सर वाहन खड़े हो रहे हैं। इन इलाकों के लोगों ने जाम के दौरान पुल पर लोडेड वाहनों को खड़े न करने की मांग की है।
कोट
पुलों में वाहनों को खड़ा करना पुल की सुरक्षा के मद्देनजर ठीक नहीं है। काम कराने वाली कंपनी को जाम के दौरान पुलों पर वाहनों को खड़ा न करने देने की हिदायत दी जाएगी। -एलडी मथेला, अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोहाघाट।