जिले में सोमवार की सुबह से हो रही हल्की और मध्यम स्तर की बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार की तुलना में तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। मुनस्यारी में अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्लियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान एक बार फिर से शून्य डिग्री पर पहुंच गया है। मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले में सभी स्थानों पर मध्यम स्तर की बारिश हुई। दोपहर तक पिथौरागढ़ में पांच एमएम, धारचूला में आठ एमएम, डीडीहाट में छह एमएम वर्षा रिकार्ड हुई।
जिले में अभी रिमझिम बारिश जारी है। इस बीच मुनस्यारी में कालामुनि, खलियाटॉप, बेटुलीधार, पातलथौड़, नया बस्ती, मिलम, नामिक में हिमपात हुआ। मुनस्यारी में शाम के समय बर्फ के हल्के फाहे गिरे। यह संभावना जताई जा रही है कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा तो मुनस्यारी नगर में भी बर्फ गिर सकती है। धारचूला तहसील में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर नारायणआश्रम से लेकर लिपुलेख तक जमकर बर्फ गिरी है।
बर्फ से कुछ स्थानों पर पैदल रास्ते को नुकसान पहुंचने की सूचना है। धारचूला नगर में दिन भर रुक रुककर बारिश होती रही। बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट में बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बाजार में लोगों की आवाजाही कम रही। मौसम विभाग ने मंगलवार से मौसम में बदलाव आने का संकेत दिया है। कल से बारिश थम जाएगी। अलबत्ता न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
खलियाटॉप में 15 सेमी बर्फ गिरी
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। समुद्र सतह से 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खलियाटॉप में सोमवार को दोपहर तक 15 सेंटीमीटर बर्फ गिर गई थी। खलियाटॉप में पहले से बर्फ मौजूद है। ताजा बर्फबारी के बाद अब खलियाटॉप में स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू करने में आसानी हो जाएगी। पंडित नैन सिंह पर्वतारोहण संस्थान ने खलियाटॉप में 14 फरवरी से स्कीइंग प्रशिक्षण शुरू करने का फैसला लिया है। आयोजकों का कहना है कि बेटुलीधार में भी स्कीइंग प्रशिक्षण लायक बर्फ गिर चुकी है। स्कीइंग प्रशिक्षण को 15 दिन तक संचालित किया जाएगा।
सब्जियों के लिए फायदेमंद होगी बारिश
पिथौरागढ़। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ताजा बारिश से हालांकि मुख्य फसल को तो ज्यादा फायदा मिलने वाला नहीं है लेकिन सब्जियों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद साबित होगी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने कहा कि किसानों को नमी का फायदा उठाते हुए लौकी, कद्दू, धनिया, बीन्स के बीजों का रोपण करना चाहिए।
वन विभाग को मिली बड़ी राहत
पिथौरागढ़। ताजा बारिश ने वन विभाग को खासी राहत दी है। इस समय जिन जंगलों में आग का खतरा पैदा हुआ था, वह कुछ दिनों के लिए नियंत्रित हो जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि बारिश से कुछ दिनों तक जंगलों की आग का खतरा टल गया है।