चंपावत। भिंगराड़ा रेंज के नदोला क्षेत्र में नाप वन क्षेत्र के नाम पर सरकारी कूप से लीसा निकाले जाने का आरोप लग रहा है। वन विभाग से कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। मामले की जांच और चोरी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चंपावत वन प्रभाग में देवीधुरा और भिंगराड़ा रेंज में बड़े पैमाने पर लीसा दोहन होता है। भिंगराड़ा के नदोला में कुछ लोगों ने नाप भूमि के नाम पर विभागीय लीसा कूपों से लीसा निकलने और नाप क्षेत्र में कम गोलाई के पेड़ों से लीसा निकालने के आरोप लगे हैं। कहा गया है कि लीसे के इस धंधे में लिप्त व्यक्ति खासा रसूखदार है। कई बार वन विभाग से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो अब हरीश चंद्र भट्ट और कुछ अन्य ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में दस्तक दी है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं रेंजर एचएस टोलिया का कहना है कि विभागीय जांच में गड़बड़ी नहीं पाई गई थी।