लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। डर के कारण लोग शाम हाेते ही घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।
सोमवार को ग्राम पंचायत सुंई पऊ के प्रधान योगेश ओली, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु ओली, मंटू ओली ने तेंदुए से सुरक्षा दिलाने के लिए वन विभाग कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार की शाम को ग्राम पंचायत सुंई पऊ के शिमला तोक में घरों के आगे तेंदुआ बैठा हुआ था। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ कुत्ते पर झपट्टा मार कर गंभीर रूप से घायल कर जंगल की ओर भाग गया।
उन्होंने बताया कि गलचौड़ा के व्यापारी विवेक जोशी, धीरज जोशी, विनोद ओली, ललित ओली शाम को घर लौट रहे थे तो उन्हें रास्ते में तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। शोर मचाने के बाद वह जंगल की ओर भाग गया। लोगों ने वन विभाग से गश्त कर पिंजरा लगाने की मांग की है।
इधर, बाराकोट के मंडल अध्यक्ष राकेश बोहरा ने बताया कि रविवार शाम को ओखलंज गांव के पास तेंदुआ दिखाई दिया जिससे ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है। काली कुमाऊं के वन रेंजर आरके जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है। लोहाघाट के रेंजर एनडी पांडे ने बताया कि क्षेत्र के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम भेजी जाएगी।