चंपावत के सिमल्टा गांव में शुक्रवार रात तेंदुए ने घर में घुसकर टीवी देख रहे बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुजुर्ग की मायके आई बेटी किरण पांडे ने साहस दिखाते हुए पिता को तेंदुए के चंगुल से बचाया और हमलावर तेंदुए को घर के अंदर ही कैद कर दिया।
चंपावत जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सिमल्टा में शुक्रवार को देर रात घर में टीवी देख रहे एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने घात लगाकर हमला कर दिया। कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई उनकी बेटी की बहादुरी के कारण पिता की जान बच गई और तेंदुए को भी बेटी ने घर के अंदर कैद कर दिया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से बाल बाल बच गया। तेंदुए के हमले में बुजुर्ग घायल हो गया।
विज्ञापन
शुक्रवार रात को चंपावत जिला मुख्यालय से 12 किमी दूर सिमल्टा गांव में सुरेश चंद्र पांडे (64) पुत्र लक्ष्मी दत्त पांडे खाना खाने के बाद अपने घर में टीवी देख रहे थे, इस दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने घर के अंदर ही घुसकर उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान ससुराल से कुछ दिनों के लिए पिता के घर आई उनकी बेटी किरण पांडे अपने पिता के लिए देवदूत बनकर सामने खड़ी हो गई। उसने साहस और बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए के चंगुल से पिता को तो बचाया ही साथ ही उसको घर के अंदर ही कैद कर दिया।
सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में वन विभाग की टीम तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि घायल को तत्काल चंपावत जिला अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।